देवहा नदी पुल के पास से गुजरता ट्रक स्रोत राहगीर
पीलीभीत। बीसलपुर-भुता-बरेली मार्ग पर बरेली की सीमा में पड़ने वाले देवहा नदी के पुल की मरम्मत का कार्य मंगलवार से शुरू हो गया। जाम की स्थिति न बनेे, इसको लेकर अधिकतर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। कुछ वाहनों को पुल की दूसरी साइड से रेाक-रोककर आगे भेजा गया। एनएचआई ने रूट डायवर्जन के संबंध में पूर्व में ही सूचना जारी की थी।
बीसलपुर-बरेली मार्ग संख्या 730 बी के किमी 28 पर देवहा नदी पुल पर एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत कार्य कराया रहा है। यह कार्य 15 नवंबर तक कराया जाएगा। इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। जाम की स्थिति न बने और राहगीरों को असुविधा से बचाने के लिए एनएचआई के अधिशासी अभियंता शशांक भार्गव ने एसपी पीलीभीत और बरेली को पत्र भेजा था। इसमें वाहनों के वैकल्पिक रूट भी बताए गए थे। राष्ट्रीय मार्ग खंड लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार से पुल की मरम्मत शुरू करा दी और पुल से वाहनों को रोक-रोककर एहतियात के साथ एक साइड से निकाला गया। हालांकि अधिकतर बड़े वाहन वैकल्पिक मार्गों से गुजरे।