पीलीभीत। त्योहारी सीजन की शुरुआत और जीएसटी में बदलाव से बाजार में उल्लास का रंग घुल गया। नवरात्र में माता रानी के आगमन के साथ ही आम आदमी लिए बड़ी बचत भी आ रही है। बाइकों की कीमतों में आठ से 10 हजार रुपये की राहत मिलेगी। छोटी कारों और इलेक्ट्रानिक उपकरणों की कीमत भी कम हुई है। बाजार में रौनक भी बढ़ने लगी है। रविवार को अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ रही।
सरकार की ओर से कई सेक्टर में जीएसटी की दरें 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गईं। वाहन सेक्टर में खरीदारों को इसका बड़ा फायदा पहुंचेगा। इसके लागू होने से इजाफा होगा। हीरो की बाइकों पर आठ से दस हजार रुपये की छूट मिल रही है। कार बाजार में 40 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक की छूट मिल रही है। बड़ी कारों में 40 से 70 हजार रुपये तक की छूट दी जा रही है। अगर इलेक्ट्रानिक बाजार की बात की जाए तो 32 इंच से बड़ी टीवी लेने में लोगों को अधिक फायदा होगा। इससे छोटी टीवी पर नाममात्र ही छूट दी जा रही है। जीएसटी में कम हुई दरों को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। व्यापारियों के अनुसार रविवार को खरीदारों की आवाजाही ज्यादा रही। पूछताछ के साथ ही लोगों ने वाहनों की बुकिंग भी कराई है।
कार, बाइक बाजार में दिखा उत्साह
कार बाजार में रोजाना चार से पांच कारों की बुकिंग हो रही थी। रविवार को करीब 15 कारों की बुकिंग की गई है। आटोमाबाइल सेक्टर की बात करें तो 20 बाइकों की बुकिंग की जा चुकी है जो सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक है। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि जीएसटी की दर कम होने से वाहन बाजार को खासा मुनाफा होने वाला है।
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में जानकारी के लिए पहुंच रहे लोग
जीएसटी दर कम होने से इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी काफी रौनक देखी जा रही है। हालांकि इलेक्ट्रॉनिक बाजार में पहुंचने वाले लोग एलईडी टीवी, एसी फ्रिज सहित अन्य उपकरणों की जानकारी करने को पहुंच रहे है। एसी की मांग भी बढ़ चुकी है। लोग ऑफ सीजन में जीएसटी दरों के बदलाव का लाभ लेकर एसी खरीदने का मन बना रहे हैं।
किसानों की भी बल्ले-बल्ले, बचेंगे 50 से 70 हजार रुपये
जीएसटी दरों में बदलाव से कृषि सेक्टर को भी लाभ हुआ है। ट्रैक्टर की कीमतें कम हुई हैं। किसान को प्रति लाख करीब सात हजार रुपये की बचत होगी। अगर आठ लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर है तो किसान को करीब 50 हजार रुपये का फायदा होगा। बाजार में पांच से 15 लाख रुपये कीमत के ट्रैक्टर मौजूद हैं।
एसी के साथ ही 32 इंच से ऊपर की एलईडी पर लोगों को ज्यादा फायदा हो रहा है। इसको लेकर दुकान पर लोग पूछताछ के लिए पहुंच रहे है। नवरात्र के दिनों में व्यापार बेहतर होने की उम्मीद है।- मोहम्मद नासिर।
जीएसटी की दर कम होने से बाइक बाजार में पिछले दिनों की अपेक्षा लोगों में ज्यादा उत्साह है। रविवार को करीब 20 बाइकों की बुकिंग की जा चुकी है। नवरात्र में व्यापार और बेहतर होने की उम्मीद है।- सौरभ अग्रवाल।