16 ग्राम पंचायतों की एक लाख आबादी को होती है असुविधा
शारदा पार इलाके में ग्राम पंचायत मुरैनिया गांधी, शांतीनगर, राणा प्रतापनगर, कबीरगंज, विजयनगर, नहरोसा, श्रीनगर, कुठिया गुदिया, सिद्धनगर, भरतपुर, वमनपुर भागीरथ, रामनगर, सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज, बैल्हा, अशोकनगर, शास्त्रीनगर सहित 16 ग्राम पंचायतों में करीब एक लाख की आबादी रहती है। बरसात में पैंटून पुल हटने से लोगों को तहसील मुख्यालय आवागमन में असुविधा होती है। शाहजहांपुर के खुटार, लखीमपुर के मैलानी, पलिया, संपूर्णानगर होकर आवागमन हो सकेगा।
एक वर्ष से अधिक समय बाद भी शुरू नहीं हो सका सेतु निर्माण
नदी पर पक्के पुल की दो दशक से मांग की जा रही थी। सेतु निर्माण के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने 15 अगस्त 2023 को सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन कराया था। मार्च 2024 में दो अरब 69 करोड़ 13 लाख 59 हजार रुपये की लागत से पूरनपुर-धौरी-कंचनपुर मार्ग पर धनाराघाट पर शारदा नदी सेतु का निर्माण स्वीकृत हुआ। पहली किस्त में करीब 94 करोड़ रुपये भी जारी हो गए। एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं हो सका है। सेतु निगम के जिम्मेदार अब तक वन विभाग की एनओसी नहीं ले सके हैं।