पेंटून पुल के लिए उठाए जा रहे पीपा।
दिसंबर के आखिर तक दूर हो जाएगी ट्रांस क्षेत्र के लोगों की परेशानी
डीएम की सख्ती के बाद शुरू हो सका काम
चौथी बार निकाला गया पुल के लिए टेंडर
पीलीभीत। शारदा नदी पर पैंटून पुल बनाने का काम शुक्रवार से शुरू हो गया। पुल बनाने के लिए चौथी बार टेंडर निकाला गया था। इस माह के अंत तक पुल तैयार करने की बात कही जा रही है।
बाढ़ के दौरान पूरनपुर तहसील क्षेत्र के ट्रांस शारदा क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों का मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट जाता है। बारिश के बाद नदी पर नाव का संचालन शुरू हो जाता है। इसके अलावा 15 नवंबर से पैंटून पुल से आवागमन शुरू कर दिया जाता है। इस बार ठेकेदारों की बेरुखी से तय समय पर पुल नहीं बन सका था। तीन बार इसके लिए टेंडर निकाले गए, लेकिन ठेकेदारों ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। डीएम की सख्ती के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से चौथी बार टेंडर निकाला गया। टेंडर खुलने के बाद पूरनपुर क्षेत्र के सरताज ने इसका ठेका लिया। सरताज ने शुक्रवार से शारदा नदी की मुख्यधार पर अस्थायी पुल बनाने का काम शुरू करा दिया है। अधिकारियों का दावा है कि इस माह के अंत तक पुल को तैयार कर लिया जाएगा। पुल के बन जाने से ट्रांस शारदा क्षेत्र के लोगों का करीब डेढ़ सौ किलोमीटर का आना-जाना बच जाएगा।
शारदा नदी पर पुल बनाने का काम ठेकेदार की ओर से शुरू कर दिया गया है। जल्द ही पुल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस माह के अंत तक पुल बन जाएगा।
- अनूप कुमार, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग