पीलीभीत। कोरोना काल के बीच शनिवार को राजकीय पॉलिटेक्निक परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। चार परीक्षा केंद्रों पर 1257 अभ्यर्थियों ने मास्क लगाकर परीक्षा दी, जबकि 663 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।
राजकीय पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा कराने के लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। शनिवार सुबह आठ बजे से अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का सिलसिला जारी हो गया। परीक्षा केंद्र के गेट पर अभ्यर्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। मास्क लगाकर आने वालों को ही गेट के अंदर जाने की इजाजत थी। प्रथम पाली में सुबह नौ से 12 बजे तक सभी चारों परीक्षा केंद्रों पर एक साथ परीक्षा हुई, जबकि द्वितीय पाली में दोपहर 2:30 से 5:30 बजे तक मात्र दो परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। प्रवेश परीक्षा के जिला संयोजक यज्ञप्रकाश आर्य ने बताया कि प्रथम पाली में ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में 300 के सापेक्ष 206 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 94 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे।
सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज में भी 300 के सापेक्ष 203 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। यहां 97 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 300 के सापेक्ष 204 ने परीक्षा दी और 96 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। राजकीय पॉलिटेक्निक परीक्षा केंद्र पर 361 के सापेक्ष 238 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यहां भी 123 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में 300 के सापेक्ष 187 ने परीक्षा दी, जबकि 113 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक में 359 के सापेक्ष 219 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 140 गैरहाजिर रहे।