पीलीभीत। कोरोना काल में राजकीय पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा शनिवार सुबह नौ बजे से होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से और द्वितीय पाली की परीक्षा 2:30 से होगी। चार परीक्षा केंद्रों पर 1958 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। कोविड-19 को देखते हुए सभी अभ्यर्थियों को थर्मल स्कैनर की जांच और मास्क पहनने के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
परीक्षा के जिला संयोजक यज्ञप्रकाश आर्य ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह नौ बजे से 12 बजे तक ग्रुप ए इंजीनियरिंग के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि दूसरी पाली में ढाई बजे से साढ़े पांच तक ग्रुप ई फार्मेसी के अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक परीक्षा केंद्र पर पहली पाली में 361 और दूसरी पाली में 359 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में प्रथम पाली में 319 और द्वितीय पाली में 300 अभ्यर्थी, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में प्रथम पाली में क्रमश: 319 और 300 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
उन्होंने बताया कि चारों केंद्रों को सैनिटाइज करा दिया गया है। सभी केंद्रों पर थर्मल स्कैनर और सैनिटाइजर उपलब्ध करा दिए गए हैं। सीटिंग प्लान के दौरान सामाजिक दूरी को ध्यान में रखा गया है। बिना मास्क और थर्मल स्कैनिंग के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। राजकीय पॉलिटेक्निक के मुकेश कुमार सिंह को जोनल ऑफिसर बनाया गया है।