पीलीभीत। कोरोना संकट काल के बीच कराए गए पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखी को लेकर चुनाव टलने के आसार बन गए हैं। संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए अब राजनीतिक दलों में भी अगले माह इसकी प्रक्रिया पूरी करने की चर्चा बढ़ रही है। इसका असर कुर्सी पर काबिज होने के लिए जोड़तोड़ कर रहे दावेदारों पर भी पडना तय है। ऐसे में चुनाव टलने की सुगबुगाहट ने दावेदारों की तैयारियों पर ग्रहण लगा दिया है।
जिले में पंचायत चुनाव का मतदान 26 अप्रैल को तीसरे चरण में हुआ था। 720 ग्राम प्रधान, 34 जिला पंचायत सदस्य, 845 क्षेत्र पंचायत सदस्य आदि पदों पर मतदान हुआ था। मतगणना के बाद विजेता चुने जा चुके हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखी कब्जाने के लिए दावेदार लगातार जोड़तोड़ कर रहे हैं। संगठन के नेताओं से संपर्क साधने के साथ ही जीतकर आए निर्दलियों को अपने पक्ष में करने का सिलसिला चल रहा है।
कुछ दावेदारों ने तो दूसरे दलों के नेताओं को खुश करने से भी गुरेज नहीं किया। ऐसे में राजनीति गरमाई हुई थी। मगर कोरोना संक्रमण का असर इस पर भी पड़ता दिख रहा है। भले राजनीतिक दल अपनी तैयारी पूरी बता रहे हो, मगर कहीं न कहीं दावेदारों की चुनौती बढ़ती दिखाई दे रही है। अगर तिथि आगे बढ़ती है, तो एक तरफ अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए समय तो मिलेगा। मगर अपने ही न रूठ जाएं इसका भी ध्यान रखना पड़ेगा।
जिलाध्यक्ष भाजपा संजीव प्रताप सिंह ने बताया कि हमारी तैयारी पूरी है। मगर वर्तमान हालात को देखते हुए ब्लॉक प्रमुखी और जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव अभी फिलहाल टल सकता है। फिलहाल हमारे दावेदारों के पास बहुमत है, वही सीट पर काबिज होंगे।