पीलीभीत। पेट्रोलियम उत्पादों और प्याज की आसमान छूती कीमतों के विरोध में सपाई बैलगाड़ियों पर सवार होकर शहर में घूमते हुए सदर तहसील पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबंधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर समाजवादी छात्र सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव यूसुफ कादरी के नेतृत्व में कई सपा कार्यकर्ता मंगलवार को गौहनिया चौराहा पर एकत्र हुए। यहां से सभी बैलगाड़ियों पर सवार होकर स्टेडियम रोड, सुनगढ़ी थाना, गैस चौराहा, छिपियान चौराहा, जेपी रोड होते हुए सदर तहसील पहुंचे। बैलगाड़ियों पर सवार कार्यकर्ता महंगाई के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते चल रहे थे। तहसील पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान हुई सभा में कहा गया कि केंद्र और प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। महंगाई, महिलाओं के साथ अत्याचार, उत्पीड़न आदि की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में सरकार को कुर्सी पर बने रहने का कोई हक नहीं है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार विवेक मिश्रा को सौंपा। ज्ञापन में बढ़ती महंगाई को कम करने की मांग की गई। प्रदर्शन में जाकिर, बंटू शर्मा, सलमान मलिक, राशिद अल्वी, आशीष चौधरी, दीपक पांडेय, अशरफ मंसूरी समेत अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।