पीलीभीत। भाजपा सांसद वरुण गांधी सोमवार को सुबह करीब नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में घूमकर चिकित्सा सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों का हालचाल जानने के साथ उन्हें फल भी बांटे।
सोमवार सुबह अस्पताल प्रशासन को जब वरुण गांधी के अस्पताल आने की सूचना मिली तो आनन-फानन में व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई। सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन और सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल सांसद के पहुंचने से पहले ही अस्पताल पहुंच गए। सांसद ने सबसे पहले सीएमएस से मरीजों को जरूरी सुविधाओं में कमी न आने देने और जरूरतमंदों की मदद करने की हिदायत दी। इसके बाद उन्होंने मरीजों की मिजाजपुरसी की और सही इलाज मिलने की बाबत जानकारी हासिल की। सांसद ने भर्ती मरीजों को फल भी बांटें। इस दौरान उनके साथ ओएसडी आनंद चौधरी, प्रवक्ता एमआर मलिक, भाजपा नेता स्वामी प्रवक्तानंद, देवेंद्र सिंह टोनी, दीपक पांडे, सुमित मिश्रा, टीटू चौहान, हरद्वारी लाल गंगवार, राजेंद्र कुमार धवन आदि रहे।