अमरिया राजकीय इंटर कालेज में बूथ पर मतदाता प्रपत्र जमा करते बीएलओ। संवाद
पीलीभीत। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने शनिवार को बीसलपुर तहसील कार्यालय पहुंचकर एसआईआर कार्य की समीक्षा की। कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उधर, अमरिया क्षेत्र में बीएलओ इस बात को लेकर परेशान हैं कि मतदाताओं को दिए गए प्रपत्र भरकर उन्हें वापस नहीं मिल पा रहे हैं।
बीसलपुर। समीक्षा में स्पष्ट हुआ कि इस तहसील क्षेत्र में अभी तक एसआईआर का कार्य 71.6 प्रतिशत हो पाया है। इसे उन्होंने असंतोषजनक बताया। साथ ही कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा करने के बाद मंडलायुक्त ने परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में चल रहे एसआईआर के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से कार्य की प्रगति के बारे में पूछताछ करते हुए निर्देश दिए। निरीक्षण के समय एसडीएम नागेंद्र पांडेय मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने एसडीएम से कहा कि कोई भी मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। कार्य प्रत्येक दशा में निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। मतदाता सूची त्रुटि हीन बननी चाहिए।
अमरिया। मतदाता प्रपत्र जमा कराने को लेकर बीएलओ चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। कई बीएलओ मतदाताओं के घरों पर आठ से दस बार चक्कर लगाने के बावजूद भी फार्म वापस नहीं ले पाए। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर लोग घर पर नहीं मिल रहे। घर में मौजूद महिलाएं संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहीं। ग्राम पंचायतों में कुछ मतदाता फार्म जमा करने में लगातार टालमटोल कर रहे हैं। बीएलओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें 1285 फार्म प्राप्त हुए थे जिनमें से लगभग 132 फार्म शिफ्टिंग, डबलिंग और मृतकों के कारण निरस्त हुए। करीब 200 फार्म अभी लंबित हैं। इनके लिए उन्हें लगातार घरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बीएलओ निधा सुल्तान ने कहा कि उन्हें 1396 फार्म मिले थे, जिनमें से एक हजार से अधिक जमा हो चुके हैं। लगभग 165 फार्म शिफ्टिंग और मृतकों के कारण निरस्त हुए हैं। बीएलओ ओमेंद्र गंगवार ने कहा कि बार-बार घरों पर जाने के बावजूद कई मतदाता फार्म जमा कराने में अनावश्यक बहस करते हैं।
न्यूरिया। नगर क्षेत्र में बांटे गए 15,566 प्रपत्रों में से 13,554 डिजिटल पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं। दो बूथ 196 और 203 चुनौती बने हुए हैं। बूथ 196 पर मात्र 67 प्रतिशत और बूथ 203 पर सिर्फ 61 प्रतिशत प्रपत्र ही वापस आ पाए हैं।
बरखेड़ा। एसआईआर में 91 प्रतिशत मतदाताओं के प्रपत्र एकत्र कर लिए गए हैं। अब तक 86 प्रतिशत प्रपत्रों को पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। उपजिलाधिकारी (सदर) श्रद्धा सिंह ने बताया कि बरखेड़ा विधान सभा में कुल 333321 मतदाता सूची में दर्ज हैं। इसमें से दो लाख 86 हजार मतदाताओं के प्रपत्र भरवाकर अपलोड करा दिए हैं। कार्य 86 प्रतिशत पूर्ण कर लिया है। शेष कार्य एक- दो दिन में पूरा करा लिया जाएगा।
अमरिया राजकीय इंटर कालेज में बूथ पर मतदाता प्रपत्र जमा करते बीएलओ। संवाद