सी एच सी बरखेड़ा में बी एल ओ की जानकारी लेते उपजिलाधिकारी, मुख्यचिकसाधिकारी। संवाद
बरखेड़ा। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में ड्यूटी कर रही उच्च प्राथमिक विद्यालय में अनुदेशक महिला बीएलओ की अचानक तबियत खराब हो गई। वह बेहोश होकर गिर पड़ी। आनन फानन महिला बीएलओ को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर भर्ती कराया। सूचना पाकर सदर तहसील की उपजिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर बीएलओ का हालचाल लिया।
विनीता गंगवार उच्च प्राथमिक विद्यालय खमरिया पंडरी में अनुदेशक पद पर तैनात हैं। उन्हें एसआईआर के लिए बीएलओ की जिम्मेदारी दी गई है। रोजाना की तरह रविवार को वह अपनी ड्यूटी पर पहुंचकर कार्य कर रही थीं। दोपहर करीब दो बजे अचानक उनकी तबियत बिगड़ने से वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। सुपरवाइज़र अनिल सिंह ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी। साथ ही एंबुलेंस से बेहोश बीएलओ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया। उपचार के बाद होश में आने पर विनीता ने बताया कि शनिवार को डिहाइड्रेशन हो गया था। इस कारण काफी कमजोरी आ गई। इस बीच उपजिलाधिकारी (सदर) श्रद्धा सिंह ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हालचाल लिया। इसके बाद उन्होंने बीमार बीएलओ को सात दिन का अवकाश दे दिया। पूछे जाने पर उपजिलाधिकारी ने बताया कि बीएलओ का अचानक बीमार होना काम का दबाव नहीं, अपितु शनिवार से डिहाइड्रेशन रहा है। उन्होंने इस बात की जानकारी नहीं दी और ड्यूटी पर आ गईं।
साथ मेंं मौजूद मुख्य चिकित्साधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि बीएलओ की स्थिति अब सामान्य है। डिहाइड्रेशन के कारण उसका ब्लड प्रेशर कम हो गया था। इसी कारण कमजोरी होने पर बेहोशी की स्थिति आ गई थी, उनकी सारी जांच कर ली गई है।