पीलीभीत। जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गांधी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की समस्या सुनकर उनका समाधान किया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को एसआईआर कार्य समय के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डाटा मैपिंग और उच्चाधिकारियों को प्रेषित रिपोर्ट में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए प्रत्येक बिंदु का पुनरावलोकन किया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी, ग्राम प्रधान, कोटेदार, पंचायत सचिव, वार्ड मेंबर के साथ बैठक कर सत्यापन सुनिश्चित कर लें। अपात्र मतदाताओं को सूची से हटाने और पात्र मतदाताओं का नाम शामिल करने में किसी प्रकार की चूक न की जाए। इसके बाद उन्होंने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर समस्याओं को जाना। इस दौरान उनकी समस्याओं और शंकाओं का समाधान किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी राजनीतिक दलों को एएसडी की सूची उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही एसआईआर से संबंधित अद्यतन विवरण राजनीतिक दलों से साझा किया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर के कार्य में सहयोग करने की अपील की।