पीलीभीत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन मंगलवार को हुआ। बुधवार से सभी बीएलओ मतदान केंद्र पर उपस्थित रहकर दावा-आपत्तियां प्राप्त करेंगे। उधर, मतदाता सूची पुनरीक्षण के समय बढ़े 24 वर्ष या इससे अधिक उम्र के मतदाताओं का सत्यापन कराया जा रहा है। इस काम में सभी बीएलओ लगाए हैं।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत की मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद 69413 मतदाता बढ़ गए हैं। इसके बाद वर्ष 2021 में 12.83 लाख से बढ़कर मतदाताओं की संख्या 13.52 लाख हो गई है। यह बढ़ोतरी करीब 5.41 प्रतिशत है। प्रदेेश स्तर पर मतदाताओं के बढ़ोतरी औसत से अधिक होनेे के कारण बढ़े मतदाताओं का सत्यापन भी कराया जा रहा है। सूची से हटाए गए मतदाताओं की संख्या 1,29,354 है। पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र में सबसे अधिक 23652 मतदाता बढ़े हैं। मरौरी ब्लॉक क्षेत्र में 8957, बरखेड़ा में 7672, बिलसंडा में 7504 मतदाता बढ़े हैं। इसी तरह अमरिया में 7488, बीसलपुर में 7320 और ललौरीखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र में बढ़े मतदाताओं की संख्या 6819 है।
24 से 30 दिसंबर तक ली जाएंगी दावा-आपत्तियां : मंगलवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन किया। सभी तहसील कार्यालयाें में इसका प्रकाशन हुआ। बुधवार से जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे और दावा-आपत्तियां प्राप्त करेंगे।