पीलीभीत। लापरवाही बरतने के मामले में बिलसंडा थाने से लाइन हाजिर हुए इंस्पेक्टर नरेश कश्यप का एसपी ने कार्यक्षेत्र बदलते हुए उन्हें स्वाट (स्पेशल वेपंस एंड टैक्टिक्स) टीम प्रभारी बनाया है। उन्हें सर्विलांस का काम संभालने की जिम्मेदारी दी है। इसके अलावा दो अन्य इंस्पेक्टर और दो उपनिरीक्षकों के भी तबादले किए गए हैं।
बुधवार रात एसपी जयप्रकाश ने पुलिस लाइन में तैनात तीन इंस्पेक्टर और दो उपनिरीक्षकों का कार्यक्षेत्र बदल दिया। इसमें एक माह पहले बिलसंडा में जमीन विवाद में तमंचे से फायर करने के मामले में दोषियों को गिरफ्तार न करने के मामले में लाइन हाजिर इंस्पेक्टर नरेश कश्यप को स्वाट टीम का प्रभारी बनाया गया है। बिलसंडा में दो पक्षों में हुई फायरिंग में एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया था। एसपी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्कालीन बिलसंडा इंस्पेक्टर नरेश कश्यप को लाइन हाजिर कर दिया था। लेकिन अब एसपी ने उनके कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए स्वाट टीम का प्रभारी बना दिया। इनके अलावा पुलिस लाइन से जवाहर लाल शर्मा को बीसलपुर थाने में इंस्पेक्टर क्राइम और इंस्पेक्टर जगत सिंह को मीडिया सेल का प्रभारी बनाया गया है। बीसलपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पूरनचंद को उप निरीक्षक अमरिया और एसआई सुभाष चौधरी को एएचटीयू इंचार्ज बनाया गया। संवाद