पीलीभीत। मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉक्टर और स्टाॅफ के साथ मारपीट करने वाले मोहल्ला देशनगर के दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार की रात मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी कर रहे डॉ. एसपी सिंह व जेआर डॉ. लवलेश समेत अन्य स्टॉफ ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान मोहल्ला देशनगर के कुछ लोग महिला का उपचार कराने के लिए पहुंचे, जहां तीमारदारों ने डॉक्टर व स्टॉफ के साथ मारपीट कर दी थी। इसमें डॉ. एसपी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
कोतवाली पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर पर 20 से 25 लोग अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी थी। रविवार को पुलिस ने मोहल्ला देशनगर के रहने वाले विकास पुत्र रामपाल और अर्जुन पुत्र माखनलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर उन्हें जेल भेज दिया है। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
वायरल वीडियो और मेडिकल कॉलेज के सीसीटीवी से की जा रही पहचान
मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार की रात इमरजेंसी में हुई मारपीट की घटना की पुलिस ने चिकित्सक की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से शिनाख्त कर रही है। इसी के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अन्य को भी पहचाना जा रहा है।