पीलीभीत। सड़क पर लगने वाले मंगल बाजार से अस्थाई अतिक्रमण को कोतवाली पुलिस ने हटवा दिया। सड़क पर दुकानें लगने के कारण लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। दोबारा अतिक्रमण न हो सके, इसके लिए दिनभर यहां पुलिस भी तैनात रही।
सदर कोतवाली क्षेत्र के जामा मस्जिद के निकट प्रत्येक मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। साप्ताहिक बाजार लगने के दौरान सड़क पर दुकानदारों की ओर से अस्थायी रूप से दुकानें लगाई जाती है। इसके चलते आवागमन में परेशानी होती है। मार्ग पर तहसील, आयुर्वेदिक कॉलेज, एक निजी अस्पताल के अलावा तीन स्कूल और कॉलेज भी हैं। स्कूलों की छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता।
इसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से भी की गई थी। पूर्व में सिटी मजिस्ट्रेट ने कोतवाली पुलिस को बाजार न लगने देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी व्यवस्था नहीं सुधर सकी। मंगलवार को लगने वाले बाजार से अतिक्रमण हटाने के लिए सुबह से ही कोतवाली पुलिस मुस्तैद रही।
कोतवाल राजीव कुमार सिंह ठेका चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ सुबह ही बाजार पहुंच गए। सड़क पर लगी दुकानों को पुलिस ने हटवा दिया। कोतवाल ने बताया कि दोबारा बाजार न लगे, इसके लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।