पीलीभीत। किसान से मोबाइल लूट की घटना में पुलिस ने बुलेट सवार तीन बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। टीमों का गठन कर दूसरे दिन शुक्रवार को भी पुलिस सीसीटीवी में बदमाशों की तलाश में जुटी रहीं। हालांकि अब तक पुलिस के हाथ बदमाशों से संबंधित कोई फुटेज नहीं लग सका है। सीओ सिटी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।
शहर से जाने वाले चंदोई-मझोला मार्ग पर बुधवार रात न्यूरिया क्षेत्र के मझोला फार्म निवासी बाइक सवार किसान गुरनाम सिंह के साथ लूट की घटना हुई थी। पीलीभीत से सामान लेकर घर लौटते समय दहगला गांव के निकट पीछे से बुलेट से आए तीन युवकों ने उन्हें रोककर मोबाइल मांगा। न देने पर पिस्टल कनपटी पर लगा कर कहा कि उनके तीन साथी मारे गए, अन्य बिछड़ गए हैं।
उन्हें ढूंढने के लिए मोबाइल की जरूरत है। इसके बाद आरोपी मोबाइल लूट कर भाग गए। मामले में देर रात सुनगढ़ी थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद लेनी शुरू की गई। शुक्रवार को दूसरे दिन भी पुलिस की कई टीमें चंदोई से मझोला तक सीसीटीवी कैमरों छानबीन करती रहीं।
हालांकि अभी बदमाशों से संबंधित कोई भी फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की खोजबीन कराई जा रही है।
चंदोई-मझोला मार्ग से जुड़े संपर्क मार्गों पर भी परखी जा रही हकीकत
बदमाशों की खोजबीन में पुलिस चंदोई-मझोला मार्ग के अलावा इससे जुड़े अन्य संपर्क मार्गों पर भी हकीकत को परख रही है। बदमाशों के संपर्क मार्ग का इस्तेमाल करने की आशंका जताते हुए यहां भी सीसीटीवी चेक करने पर जोर दिया जा रहा है। सुनगढ़ी पुलिस के अलावा न्यूरिया पुलिस भी जांच-पड़ताल में जुटी है।