पूरनपुर। हरियाणा में मजदूरी करने गए पूरनपुर क्षेत्र के गांव गुलड़हा निवासी युवक पर वहां की एक युवती को लाने का आरोप लगा है। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मंगलवार को हरियाणा के थाना झज्जर की पुलिस ने पूरनपुर कोतवाली पुलिस के सहयोग से गांव गुलड़हा में दबिश दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि युवती का कोई सुराग नहीं लग सका।
हरियाणा के झज्जर की एसआई मुकेश लता के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार को पूरनपुर कोतवाली पहुंची। हरियाणा पुलिस ने स्थानीय पुलिस को बताया कि गांव गुलड़हा निवासी घनश्याम कुछ समय पहले हरियाणा में मजदूरी करने गया था। आरोप है कि जून माह में वह झज्जर क्षेत्र की एक युवती को अपने साथ ले आया था। युवती के परिजनों की ओर से झज्झर थाने में घनश्याम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
सीओ विधि भूषण मौर्या ने बताया कि हरियाणा पुलिस की एसआई मुकेश लता ने बताया कि युवती को ले जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। युवती की तलाश भी की जा रही है। संवाद