कलीनगर। कालेज के छात्रावास में कक्षा छह के छात्र के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बुधवार को पीड़ित का मेडिकल कराया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी छात्र भी नाबालिग है। वहीं तीन सौ से अधिक संख्या वाले छात्रावास में एक भी वार्डन की तैनाती न होने से व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
माधोटांडा कस्बे में हाल ही में संचालित हुए इंटर कॉलेज के छात्रावास में कक्षा छह के छात्र के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई। मंगलवार रात पीलीभीत शहर निवासी पीड़ित की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। इसमें घटना 28 सितंबर की बताई गई। कालेज के छात्रावास में साथी दो अन्य छात्रों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया।
थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि आरोपी भी नाबालिग हैं। एक 11 व दूसरे की आयु 14 साल है। दोनों में एक बरेली के नबावगंज और दूसरा बरखेड़ा क्षेत्र का रहने वाला है। पीड़ित का मेडिकल कराया गया है। इसके साथ ही आरोपियों पर नियमानुसार कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। वहीं घटना के बाद कालेज की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो गए। कॉलेज में भले ही विद्यालय का संचालन शुरू कर दिया गया हो, लेकिन अभी शिक्षक और अन्य स्टाफ की कमी बनी हुई है। हॉस्टल में करीब 300 से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं, लेकिन देखरेख के लिए कोई भी वार्डन या अन्य स्टाफ नहीं है। प्रधानाचार्य अनिल सक्सेना के अनुसार स्टाफ की कमी है, स्थाई स्टाफ की नियुक्ति को लेकर पत्राचार किए गए हैं।