घायल छात्र से जानकारी करते पुलिसकर्मी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र में एक दिन पहले महिला से कुंडल छीनने की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की मंगलवार शाम पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटा गया कुंडल, दो तमंचे, कारतूस आदि बरामद किया है। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल और सिपाही को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने बताया कि मंगलवार शाम चीनी मिल चौकी के पास वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोका तो वे शाहजहांपुर मार्ग की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। इसमें सिपाही दीपक कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में गोवल नहर कोठी के पास मोहल्ला ग्यासपुर निवासी रिजवान और सुल्तान के पैर में गोली लग गई। दोनों को घायल अवस्था में दबोच लिया गया, जबकि तीसरे आरोपी जीशान को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, जीशान के कब्जे से 16 नवंबर की शाम बीसलपुर के मोहल्ला बख्तावरलाल में गजरौला निवासी नन्ही देवी से लूटा गया सोने का कुंडल बरामद हुआ है। इसके अलावा एक बाइक, 12 बोर का एक तमंचा, 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे भी बरामद किए गए हैं।
घायल रिजवान और सुल्तान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल सिपाही दीपक कुमार का सीएचसी में उपचार कराया गया।