धीमी गति से लोगों को मिला कनेक्शन
शहर में करीब 392 उपभोक्ताओं को पीएनजी का कनेक्शन दिया गया है। आपूर्ति विभाग इन उपभोक्ताओं को पीएनजी की आपूर्ति होने का दावा भी कर रहा है। हालांकि शहर के कई मोहल्ले ऐसे भी हैं, जहां वर्षों पहले पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन अभी यहां के उपभोक्ताओं को कनेक्शन नहीं दिया जा सका है। एलपीजी गैस की किल्लत के बाद शहर के लोग पीएनजी कनेक्शन के लिए भी अफसरों के चक्कर काट रहे हैं।
इन कॉलोनियों में पाइपलाइन का काम पूरा, आपूर्ति आधी-अधूरी
शहर की वसंधुरा कॉलोनी, रामवाटिका, राजीव कॉलोनी, वल्लभ नगर, राजाबाग, कृष्ण लोक, सुरभि कॉलोनी, निरंजनकुंज कॉलोनी, संजय रॉयल पार्क, गोदावरी स्टेट, विश्वनाथपुरम, अयोध्यापुरम सहित करीब 13 से अधिक कॉलोनी में लाइन बिछाई जा चुकी है। इसमें रामवाटिका में महज छह माह पूर्व से आपूर्ति दी जा रही है। पड़ोस की राजीव कॉलोनी में अब तक आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।
राजीव कॉलोनी के कीरत प्रसाद ने बताया कि करीब दो साल पहले ही पाइपलाइन बिछा दी है। निकट की कांशीराम कॉलोनी में भी पाइपलाइन बिछी है, लेकिन कनेक्शन नहीं मिल सका है। गैस की किल्लत भी बनी हुई है। अगर कनेक्शन समय से दिया जाता तो सहूलियत मिलती। बानेंद्र देव गंगवार ने कहा कि पीएनजी की पाइपलाइन तो करीब तीन साल पहले ही डाल दी गई, लेकिन कनेक्शन अभी करीब छह माह पूर्व ही किया गया है। हालांकि मोहल्ले के कुछ इलाकों में कनेक्शन अब नहीं हो सका है।
जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन को लेकर लाइनें बिछाई जा रही हैं। करीब 392 उपभोक्ताओं को कनेक्शन भी दिए जा चुके हैं। इसके साथ ही टीम सर्वे कर लोगों को कनेक्शन दे रही है। जल्द ही सभी मोहल्लों में आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।