पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित क्षेत्र में काफिले के साथ घुसे राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के मामले का एनटीसीए (राष्ट्रीय बाघ प्राधिकरण) ने संज्ञान लिया है। एनटीसीए के डीआईजी ने पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। इस पर पीसीसीएफ ने फील्ड डायरेक्टर विजय सिंह से रिपोर्ट मांगी है।
टाइगर रिजर्व में एनटीसीए के नियमों का पालन कराया जाता है। पर्यटन के दौरान गाइडलाइन जारी की जाती है। बाघ और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से निजी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही जंगल सफारी के वाहनों पर भी कई नियम लागू किए जाते हैं। आठ दिसंबर को राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के काफिले के साथ प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। डीएफओ मनीष सिंह ने राज्यमंत्री के वाहन को छोड़ शेष वाहनों के प्रवेश को अवैध बताया था। अब एनटीसीए के डीआईजी वैभव चंद्रा की ओर से पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ सुनील चौधरी से पूरे रिपोर्ट मांगी गई है।