बरेली के युवक ओमप्रकाश (35) की इलाबांस देवल में गोली मारकर हत्या की गई है। छह लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। एक व्यक्ति पकड़ा गया है। बरेली नगर के थाना बारादरी के मोहल्ला सिकलापुर निवासी ओमप्रकाश अपने भाई और अन्य लोगों के साथ दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव इलाबांस देवल स्थित मेला में 13 जून को आया था। मेले में तंबू लगे हैं और तंबू में ही यह लोग ठहरे हुए हैं। मेले में मंगलवार को सिकलापुर निवासी मोहित से उसका झगड़ा हो गया था।
बुधवार को तड़के मोहित व उसके साथी ओमप्रकाश को टहलने की बात कहकर अपने साथ लेकर चले थे। मेला स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर ओमप्रकाश के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर दियोरिया और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ओमप्रकाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या की रिपोर्ट दर्ज
बीसलपुर के सीओ प्रशांत सिंह ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्या में तमंचे का इस्तेमाल हुआ है। एक लड़की से ओमप्रकाश फोन पर बात करता था। इसे लेकर आरोपियों में एक युवक से उसका विवाद हुआ था। ओमप्रकाश को बात करने से रोका गया था जब वह नहीं माना तो मंगलवार को शाम फिर विवाद हुआ। कुछ लोगों बीच बचाव करके शांत कर दिया था। बुधवार को सुबह चार बजे उसे टहलाने के बहाने ले जाकर उसकी हत्या की गई है।