एसपी ने पूरनपुर के दारोगा योगेंद्र सिंह, हरीपुर चौकी इंचार्ज संजय कुमार और चंदिया हजारा चौकी इंचार्ज राकेश कुमार वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं सीओ वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि लाइन हाजिर होना सजा नहीं, पुलिस विभाग में एक प्रक्रिया है।
पीलीभीत में एसपी दिनेश पी ने दो चौकी इंचार्ज समेत पांच उप निरीक्षकों को लाइन हाजिर किया है। जिसमें पूरनपुर के दारोगा योगेंद्र सिंह, हरीपुर चौकी इंचार्ज संजय कुमार और चंदिया हजारा चौकी इंचार्ज राकेश कुमार वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया। तमाम प्रयास के बाद गोवंश की हत्या की घटनाएं न रुकने पर तीन उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर होने का शोर है। हालांकि आदेश में इसका उल्लेख नहीं किया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार सर्किल के कुछ गांवों में तमाम प्रयास के बाद भी गोवंश की हत्या की घटनाएं नहीं रुक पा रही हैं। सबसे अधिक घटनाएं शेरपुरकलां में हुईं। गोवंश के हत्यारे नेपाल से गोवंश को हरीपुर जंगल के रास्ते से शेरपुर और आसपास गांवों में ला रहे हैं। गोवंश लाकर हत्या करने का हवाला पुलिस ने पिछली कई दर्ज रिपोर्टों में भी किया है। चंदिया हजारा चौकी इंचार्ज राकेश कुमार, हरीपुर चौकी इंचार्ज संजय कुमार और शेरपुर हल्का इंचार्ज योगेंद्र कुमार पर लाइन हाजिर किए जाने की कार्रवाई को लोग इन्हीं मामलों से जोड़कर देख रहे हैं।
सीओ वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि चौकी इंचार्ज चंदिया हजारा, हरीपुर और दरोगा योगेंद्र कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। लाइन हाजिर होना सजा नहीं, पुलिस विभाग में एक प्रक्रिया है। एसपी ने बताया कि कार्यप्रणाली ठीक न होने की वजह से पांच उप निरीक्षकों को लाइन हाजिर किया गया है। इसमें थाना न्यूरिया के उप निरीक्षक अजीत कुमार और क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक मानचंद्र भी शामिल हैं।