मैलानी-पीलीभीत के बीच अप्रैल में बंद होगा ट्रेनों का संचालन
हाईटेंशन बिजली लाइन न हटने व घटिया निर्माण की शिकायत पर डेढ़ माह से बंद पड़े ब्राडगेज कार्य को शीघ्र गति मिलेगी। वजह मैलानी-पीलीभीत के बीच ब्लाक लेने की तैयारी शुरू होना बताई जा रही है। मार्च के अंत या अप्रैल के पहले सप्ताह में ब्लाक होने की उम्मीद रेलवे अफसर जता रहे है। ब्राडगेज को लेकर पीलीभीत- मैलानी रेल खंड के बीच करीब सवा दो साल से कार्य चल रहा है। अक्तूबर में तेजी से कार्य शुरू हुआ था, लेकिन करीब डेढ़ माह पहले निर्माणाधीन मालगोदाम प्लेटफार्म में मिट्टी भराव को लगाई गई चार ट्रैक्टर-ट्रालियों को अवैध खनन पर पकड़ लिया गया। इसके अलावा निर्माणाधीन मालगोदाम के ऊपर से निकल रही हाईटेंशन बिजली लाइन व निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री आदि की हुई शिकायत पर निर्माण कार्य बंद हो गया था। अब तक कार्य शुरू न होने से लोगों में रोष है। रेलवे सूत्रों की मानें तो अब रुके कार्य में शीघ्र तेजी आएगी। पीलीभीत-मैलानी के बीच ब्राडगेज को लेकर ब्लाक लेने की तैयारी तेज कर दी गई है। शीघ्र ही ब्लाक लेकर तेजी से कार्य शुरू होगा।
रेलवे के निर्माणाधीन मालगोदाम के ऊपर से निकल रही बिजली हाईटेंशन लाइन को हटवाने को निर्माणदायी संस्था की ओर से पत्र मिला था। शीघ्र ही संस्था को लाइन हटवाने का स्टीमेट बनवाकर दे दिया जाएगा। स्टीमेंट की धनराशि जमा होने पर लाइन हटवा दी जाएगी।
- अभिषेक राय, एसडीओ बिजली