132 अमृत सरोवरों पर किया जाएगा ध्वजारोहण
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले के 132 सरोवरों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। सरोवरों पर गांव के स्वतंत्रता सेनानियों और प्रधानमंत्री के संदेश का शिलापट लगाया गया है।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले के अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण करने के आदेश हुए थे। आदेशों के तहत इस बार जिले के कुल 132 तालाबों का सुंदरीकरण कराया गया था। यहां पर ध्वजारोहण के साथ ही अन्य कार्यक्रम होने हैं। मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत अमृत सरोवरों पर गांव के सेनानियों के नाम का शिलापट लगाने के आदेश हुए थे। इसके लिए पंचायत विभाग गांवों में सेनानियों को तलाश कर रही थी।
ये भी पढ़ें- निघासन कांड के दो दोषियों को उम्रकैद: दो को 6-6 साल की सजा, दरिंदगी के बाद की थी नाबालिग बहनों की हत्या
आदेश था कि जिस गांव में सेनानी नहीं होंगे वहां पर प्रधानमंत्री का संदेश लगाया जाएगा। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। डीसी मनरेगा मृणाल सिंह ने बताया 132 तालाबों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। हर तालाब पर शिलापटों को लगवा दिया गया है। तैयारी पूरी है और जिम्मेदारी सचिवों को दी गई है।
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि जिले में 15 अगस्त धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी तैयारी कर ली गई है। मेरी माटी मेरा देश के तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग अफसरों को जिम्मेदारी दी गई है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रत्येक घर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। पुलिस लाइन में राज्यमंत्री द्वारा ध्वाजारोहण किया जाएगा।