पीलीभीत। स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को राहत मिल गई है। अब कक्षाओं में प्रवेश 10 सितंबर तक लिया जाएगा। इससे पहले पांच सितंबर तक अंतिम तिथि घोषित की गई थी।
परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से पांच सितंबर तक का समय तय किया गया था। इसके लिए विद्यार्थी पंजीकरण भी करा रहे थे और प्रवेश भी ले रहे थे। वहीं पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए उपाधि कॉलेज में केंद्र होने के कारण विद्यार्थियों के सामने समस्या बन गई थी। सोमवार से प्रवेश के लिए विद्यार्थियों के कॉलेज में जाने का क्रम शुरू हुआ था। इस बीच तय तिथि भी आ गई। काफी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह गए थे। विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए अब अंतिम तिथि में बढ़ोतरी कर दी गई है। कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. दुष्यंत कुमार ने बताया कि अब विद्यार्थी 10 सितंबर तक प्रवेश ले सकेंगे।