बरखेड़ा (पीलीभीत)। छह दिन से लापता युवक का शव गन्ने के खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच के बाद शव को कब्जे में ले लिया। परिजन हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेंकने का आरोप लगा रहे हैं।
थाना गांव जियोरहा कल्यानपुर निवासी श्यामाचरण ने बताया की उसका भांजा
बुद्धसेन (40) पुत्र सुखलाल
मूल रूप से बरेली के थाना क्योलड़िया के गांव परौरिया का रहने वाला था और बचपन से ही उनके घर में रहता था।
एक सितंबर को गांव में आयोजित जन्माष्टमी मेले को देखने के लिए घर से गया था। देर शाम तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर चार सितंबर को बरखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
शुक्रवार को मेला मढ़ी के पास स्थित एक गन्ने के खेत में उसका शव बरामद हुआ। शव सड़-गल गया था। परिजनों ने हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेंकने की आशंका जताई। सूचना के बाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फील्ड यूनिट ने भी साक्ष्य जुटाए।
सीओ प्रतीक दहिया भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को परखा। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि परिजन हत्या की आशंका बता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मृतक बुद्धसेन का फाइल फोटो।