बीसलपुर। बरेली हाईवे पर जीओ पेट्रोल पंप के पास बुधवार देर रात अज्ञात वाहन से टकराकर बाइक सवार पेट्रोल पंप मैनेजर की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर भजा के मूल निवासी व नगर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में रहने वाले धर्मपाल ने बताया कि उनका पुत्र वीरेंद्र कुमार (21) बुधवार देर रात अपनी बाइक पर सवार होकर शेखापुर गांव में स्थित पेट्रोल पंप से ड्यूटी कर घर लौट रहा था। वह पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद पर तैनात था। रास्ते में बीसलपुर-बरेली हाईवे पर जीओ पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि अभी इस संबंध में मृतक के परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर दुर्घटना करने वाले वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।
वीरेंद्र कुमार का फाइल फोटो