पीलीभीत/बरखेड़ा। त्योहारों पर पावर कॉरपोरेशन के अफसरों की ओर से बेहतर बिजली सप्लाई देने के दावे तो बहुत किए गए, मगर जर्जर संसाधनों की वजह से व्यवस्था बेपटरी रही। दिवाली पर सब ठीक रहा, लेकिन भैयादूज के मौके पर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सप्लाई चरमराई रही। फाल्ट की वजह से बिजली की ट्रिपिंग जारी रही।
सोमवार को शहर में सुबह छह बजे मोहल्ला आसफजान, साहूकारा, डोरीलाल, नई बस्ती समेत कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। छिटपुट फाल्ट को सही कराकर जैसे-तैसे सप्लाई शुरू करा दी गई।
बिलसंडा में बमरौली रोड, गोला रोड पर तारों में फाल्ट हो गया। इससे रविवार देर रात ही बिजली गुल हो गई। दूसरे दिन सुबह टीम भेजकर मरम्मत कराकर सप्लाई चालू की गई। रात भर उपभोक्ता बिना बिजली के रहे। कस्बा गजरौला में सुहास फीडर की बिजली पूर्वाह्न 10 बजे गई और दोपहर एक बजे आई। टिकरी फीडर में भी बिजली की आवाजाही जारी रही। बीसलपुर में भी कई बार बिजली आती-जाती रही।
बरखेड़ा में 33 केवी मेन लाइन में फाल्ट हो गया। रविवार रात पौने 12 बजे बिजली चली गई। रात भर बिना बिजली के उपभोक्ता परेशान रहे। उपभोक्ताओं ने कर्मचारियों से संपर्क साधा, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पावर कॉरपोरेशन की टीम ने मरम्मत की और फिर पूर्वान्ह 11 बजकर 40 मिनट तक सप्लाई शुरू हो सकी।