बीसलपुर। रामपुर में ट्रेन पलटने की साजिश के बाद स्थानीय पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस प्रशासन ने रेलवे लाइन के किनारे रहने वाले लोगों का सत्यापन करने का निर्णय किया है।
रामपुर में 19 सितंबर को कुछ लोगों ने रेल पटरी पर टेलीफोन का खंभा रखकर ट्रेन पलटने की साजिश रची थी। इसके बाद यहां के पुलिस प्रशासन ने कोतवाली क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे रहने वाले सभी लोगों का सत्यापन करने का निर्णय किया। पुलिस का मानना है कि रेलवे पटरी के किनारे रहने वाले लोग यह हरकत किसी समय भी कर सकते हैं।
कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि लोगों का गणना कर ली गई है। पूरे कोतवाली क्षेत्र में कुल 62 लोग रेलवे लाइन के किनारे रहते हैं। इनमें से कुछ लोग ऐसे हैं जो स्थायी रूप से रेलवे लाइन के किनारे रहते हैं और कुछ लोग ऐसे हैं जो कभी कभार डेरा डालकर रेलवे लाइन के किनारे रहते हैं। सभी हल्का प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में रेलवे किनारे रहने वाले लोगों का शनिवार से सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है।
दो-तीन दिन के भीतर हर हालत में ऐसे लोगों का सत्यापन हो जाएगा। सत्यापन के दौरान इन लोगों का पूरा विवरण जुटाया जाएगा। उनके फोटो और मोबाइल नंबर भी लिए जाएंगे। ऐसे लोगों का एक रजिस्टर अलग से बनाया जाएगा। साथ ही उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।