पीलीभीत के कलक्ट्रेट परिसर में किया गया मॉकड्रिल। संवाद
पीलीभीत। राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को कलक्ट्रेट और ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में माॅकड्रिल कर आग से बचाव का प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया गया।
ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे माॅकड्रिल शुरू हुई। प्रधानाचार्य की ओर से कॉलेज में आग लगने की सूचना जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को दी गई। सूचना पर नियमानुसार अमल करते हुए अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छात्र-छात्राओं को आग पर काबू करने के संबंध में जानकारी दी।
इस दौरान दो व्यक्तियों के घायल होने की स्थिति में चिकित्सक की ओर से प्रारंभिक उपचार करने का प्रदर्शन करते हुए विद्याथियों को जागरूक किया गया। साथ ही आग बुझाने के तरीके बताए गए।
वहीं कलक्ट्रेट परिसर में भी माॅकड्रिल हुई। एनडीआरएफ की टीम के एएसआई रामानंद पाण्डेय के नेतृत्व में भूकंप के दौरान बचाव का प्रदर्शन किया। साथ ही भवन में आग लगने पर रोकथाम के उपाय बताए। इस मौके पर डीएम संजय कुमार सिंह, एडीएम एफआर ऋतु पूनिया, एएसपी विक्रम दहिया, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
पीलीभीत के कलक्ट्रेट परिसर में किया गया मॉकड्रिल। संवाद