बंद मंडी समिति के धान खरीद केंद्र-संवाद
पूरनपुर। पर्याप्त राइस मिलों का संबद्धीकरण न होने से खरीदे गए धान का उठान तेज गति से नहीं हो पा रहा है। इसके विरोध में मंडी समिति के कई एजेंसियोंं के 15 केंद्रों पर बुधवार को धान की खरीद नहीं की गई। इससे खरीद केंद्रों पर धान के साथ मौजूद किसानों को असुविधा हुई।
मंडी समिति में कई एजेंसियों के 32 धान खरीद केंद्र लगाए हैं। इसमें पीसीयू के पांच, यूपीएसएस के छह और पीसीएफ के चार खरीद केंद्रों पर बुधवार को प्रभारियों ने धान की खरीद नहीं की। केंद्र प्रभारियों ने बताया कि ऑनलाइन सिस्टम से जिन राइस मिलों को संबद्ध किया, उनमें से अधिकांश राइस मिलर धान नहीं उठा रहे हैं। खरीदे गए धान का स्टाक लगातार बढ़ता जा रहा है। मैनुअल तरीके से उन लोगों के खरीद केंद्रों से राइस मिलों को संबद्ध नहीं किया गया है। इसके अलावा बारदाना की भी कमी बनी हुई है। समस्याओं को लेकर वे लिखित दे चुके हैं। खरीदे गए धान का उठान न होने पर स्टाक और जांच के नाम पर उनका उत्पीड़न किया जाएगा। केंद्रों पर खरीद न होने से किसानों को धान बिक्री का इंतजार करना पड़ा। एएमओ प्रदीप कुमार ने बताया कि एजेंसियों के खरीद केंद्रों पर धान उठान की समस्या को लेकर प्रभारियों ने बुधवार को धान की खरीद नहीं की है।