विरोध प्रदर्शन करते नाले की साफ सफाई न होने से नाराज किसान-संवाद
घुंघचाई। हरदोई ब्रांच नहर के पास स्थित नाले की सफाई नहीं होने से किसानों के खेतों में पानी भर रहा है। इससे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर नाले की सफाई कराने की मांग की है।
नहर के पास डूंडा, खानपुर चुकटिहाई, मटैहना, दंदौल, पडरी, सिमरिया ता.अजीतपुर बिल्हा, दिलावरपुर, नरायनपुर सहित अन्य गांवों के किसानों की करीब सात सौ एकड़ कृषि भूमि है। नहर के सीपेज का पानी पूर्वी किनारे पर बने नाले में जाता है। इस नाले की वर्षों से सफाई नहीं हुई। इसका परिणाम यह है कि नाले का पानी किसानों के खेतों में पहुंच रहा। खेतों में दलदल और पानी होने के चलते किसानों की फसलें प्रभावित हो रहीं। किसानों ने बरेली जाकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी अवगत कराया। आरोप है कि अधिकारी मौके पर तो पहुंचे लेकिन समस्या समाधान के बजाय टाल मटोल करते रहे हैं। इससे नाराज किसानों ने सोमवार को विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में भूपेंद्र सिंह उर्फ काले, लालजीत, राम रतन, जितेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, मुरली, रणवीर सिंह, कुलविंदर सिंह, सतनाम सिंह, धनीराम, रामस्वरूप आदि शामिल रहे।