अमरिया कस्बे में नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण के कारण लगता जाम। संवाद
अमरिया। कस्बे में बरेली–हरिद्वार नेशनल हाईवे पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण मुख्य बाजार में रोजाना लगने वाला जाम राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बना हुआ है।
सड़क किनारे खड़े वाहनों और दुकानदारों की ओर से किए गए फुटपाथ पर कब्जे से आवागमन घंटों बाधित रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण हटवाने की जिम्मेदारी लेने में संबंधित विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे। मुख्य बाजार में सड़क निर्माण के दौरान दोनों ओर नाले और बीच में डिवाइडर बनाया था।
नाला बनने के बाद सड़क और दुकानों के बीच 10 से 15 फुट का फुटपाथ बचा था लेकिन दुकानदारों ने उस पर सामान फैलाकर कब्जा लिया। व्यापारी नाले के ऊपर ही सामान सजाते हैं। ग्राहकों के वाहन खड़े होने से आधी सड़क जाम रहती है। राहगीरों का कहना है कि कई बार अतिक्रमण हटाने की मांग की गई लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई नहीं कर रहे। नाले पर बने स्लैब भी कई स्थानों पर टूट चुके हैं।
कुछ समय पहले बारादरी बाग के पास एक क्षतिग्रस्त स्लैब पर चलते समय एक व्यक्ति नाले में गिरकर घायल हो गया था। सज्जाद नगर मार्ग और सीएचसी जाने वाले रास्तों पर भी स्लैब क्षतिग्रस्त पड़े हैं। हाईवे पर ब्लॉक गेट, थाने और सीएचसी जाने वाले मार्गों के पास सड़क किनारे खड़े वाहनों की वजह से जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर स्लैबों की मरम्मत कराई जाए ताकि यातायात सुधर सके।