पीलीभीत। विकास कार्यों में लापरवाही, समयानुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी न करने और जन सुनवाई के समय नदारद रहने आदि को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने अधिशाषी अधिकारी का एक माह का वेतन रोका है। नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही डीएम सहित शासन में शिकायत की चेतावनी भी दी है।
बोर्ड बैठक में हुए विवाद के बाद से नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल व अधिशाषी अधिकारी संजीव कुमार के बीच रार नजर आ रही है। ईओ की ओर से सफाई कर्मियों के तबादला आदेश को यथास्थिति रखने के बाद से नाराज चल रहीं पालिका अध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार को समक्ष प्रस्तुत होकर स्पष्टीकरण देने को नोटिस जारी किया है। साथ ही एक माह का वेतन रोका है।
नोटिस में पालिका अध्यक्ष ने ईओ पर टेंडर प्रक्रिया को समय से पूरी न करने, जन सुनवाई के समय पालिका से गायब रहने, ब्रह्मचारी घाट पर चल रहे सुंदरीकरण कार्य का निर्देश के बाद निरीक्षण नहीं करने आदि के आरोप लगाए हैं। पालिका अध्यक्ष ने सामने प्रस्तुत होकर स्पष्टीकरण न देने की स्थिति में डीएम सहित नगर निकाय निदेशालय में शिकायत भेजने की चेतावनी दी है। संवाद