गजरौला कला में मुस्तकिल में पाइपलाइन बिछाने के बाद खोद कर छोड़ी गई सड़क स्रोत ग्रामीण
गजरौला। जल जीवन मिशन से साफ-स्वच्छ जल मुहैया कराने के लिए गांव-गांव पाइपलाइन बिछाने का काम सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में शामिल है लेकिन गजरौला कलां मुस्तकिल में यह योजना ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। ठेकेदार की लापरवाही के चलते सड़कें खुदी पड़ी हैं। आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम गजरौला कलां मुस्तकिल में करीब एक वर्ष पहले पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया था। पूरे गांव में सड़कों की खुदाई कर पाइपलाइन डाल दी गई लेकिन सड़कों को दुरुस्त नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने अपने घरों के सामने मिट्टी डालकर रास्तों को किसी तरह चलने लायक बनाया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक माह पूर्व दोबारा कनेक्शन देने के नाम पर पूरे गांव की सड़कें फिर से खोद दी गईं। ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर पक्का मसाला डालकर सड़कों को ठीक कर दिया जाएगा। इसके लिए ठेकेदार ने समय भी मांगा।
एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद न तो कनेक्शन दिए और न ही सड़क मरम्मत का काम शुरू हुआ। सड़कें खुदी होने से आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। आए दिन बच्चे गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
लंबे समय से सड़कें जर्जर पड़ी हैं। बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। शिकायतों के बाद भी कोई सुधार नहीं हो रहा है। - मान सिंह
पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया। निकलना मुश्किल है और आए दिन हादसे हो रहे हैं। - बांकेलाल
गजरौला कला में मुस्तकिल में पाइपलाइन बिछाने के बाद खोद कर छोड़ी गई सड़क स्रोत ग्रामीण
गजरौला कला में मुस्तकिल में पाइपलाइन बिछाने के बाद खोद कर छोड़ी गई सड़क स्रोत ग्रामीण