कलीनगर तहसील में फरियादियों की समस्याएं सुनते अधिकारी। संवाद
माधोटांडा। कलीनगर तहसील में सोमवार को एसपी (डीआईजी) अभिषेक यादव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान आठ शिकायतें प्राप्त हुईं लेकिन एक शिकायत का ही मौके पर निस्तारण हो सका। जमीन संबंधी अन्य शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को समय और गुणवत्ता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में डीएम की गैरमौजूदगी में एडीएम न्याययिक रोशनी यादव मौजूद रहीं। अधिकारियों ने शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि सभी मामलों का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ किया जाना सुनिश्चित किया जाए ताकि फरियादियों को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त शिकायतों को लेकर एसपी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर जांच की जाए। समाधान दिवस के दौरान सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा, एसडीएम प्रमेश कुमार सहित स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस और प्रशासन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
बीसलपुर में 25 शिकायतों में से पांच का निस्तारण
बीसलपुर। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आई 25 में केवल पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो पाया। समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी ने शेष 20 शिकायतें अतिशीघ्र गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को सौंप दीं। समाधान दिवस का संचालन एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने किया। समाधान दिवस में कई विभागों के तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकतर अधिकारी मौजूद रहे। संवाद