पीलीभीत। बिजली कर्मचारी ने बिजली बिल जमा करने पहुंचे उपभोक्ता से अभद्रता की। इससे दोनों में विवाद हो गया। बिल जमा करने पहुंचे अन्य लोगों ने दोनों को शांत कराया।
ऊर्जा निगम की ओर से शहर में कई स्थानों पर बिजली राहत योजना शिविर लगाए जा रहे हैं। इसमें लोगों को बिजली बिल में राहत दी जा रही है। इन शिविरों में बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ रही है। बृहस्पतिवार को शहर के मनोज कुमार बिजली बिल जमा करने रोडवेज बस डिपो स्थित बिजली घर पहुंचे।
बिल जमा करने को लेकर उनकी बिजली कर्मचारी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि बिजली कर्मचारी ने उपभोक्ता से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इससे विवाद बढ़ गया। अन्य उपभोक्ताओं ने शांत कराया। करीब आधे घंटे तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। शिकायत उच्चाधिकारियों से कर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अधिशासी अभियंता आशीष यादव ने बताया कि कर्मचारी ने उपभोक्ता से लाइन में लगने के लिए कहा था। उपभोक्ता ने देख लेने की धमकी दी। इस पर विवाद हुआ। दोनों के बीच मामला शांत कराया।