बस चालक से जानकारी करते एआरएम विपुल कुमार पाराशर। संवाद
पीलीभीत। पीलीभीत डिपो से संचालित 40 फीसदी बसों में अब तक ऑल वेदर बल्ब नहीं लगा है लेकिन अफसर व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का दावा कर रहे हैं। यह हाल तब हैं जब कोहरे में बस संचालन को लेकर शासन स्तर से दिशा निर्देश जारी हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को बरेली के एसएम ने डिपो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की हकीकत को परखा है।
स्थानीय डिपो से 97 से अधिक बसों का संचालन दिल्ली, लखनऊ, आगरा सहित अन्य शहरों के लिए किया जा रहा है। सर्दी का मौसम शुरू होते ही सड़कों पर कोहरा आ जाता है। ऐसे में सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है। मार्ग पर बस संचालन को सुगमता से कराने को लेकर शासन स्तर से सभी एआरएम को पत्र जारी किए। इसमें बसों के शीशे, वाइपर, इंडीगेटर, हेडलाइट सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद भी डिपो की महज 60 प्रतिशत बसों में ही काम कराया जा सका है। बृहस्पतिवार को एसएम मोहम्मद अजीम ने सुबह रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा। साथ ही निर्देश दिए कि सर्दी के समय बस संचालन में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, बसों की स्थिति आदि के बारे में जानकारी की। उन्होंने निर्देश दिए कि चेकिंग के दौरान बस में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एआरएम विपुल पाराशर ने बताया कि सर्दी को लेकर शासन से मिले निर्देश के अनुसार कार्य कराया जा रहा है। चेकिंग के बाद ही बसों को मार्ग पर भेजा जा रहा है।