माधोटांडा। थाना क्षेत्र में नोमैंस लैंड से सटे नोजल्हा नंबर दो इलाके में शारदा नदी पर मजबूत तटबंध निर्माण की मांग को लेकर चल रहा धरना–प्रदर्शन रविवार को समाप्त हो गया। क्षेत्रीय विधायक बाबूराम पासवान और डीएम ज्ञानेंद्र सिंह के मौके पर पहुंचकर ठोस आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। इसके बाद नदी के कटान वाले क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
नेपाल सीमा से सटे माधोटांडा क्षेत्र के नोजल्हा नंबर दो और आसपास के गांवों के ग्रामीण गत वर्ष शारदा और जगबूड़ा नदी की बाढ़ से हुई भारी तबाही को लेकर गहरी चिंता में थे। इसी को लेकर क्षेत्रवासियों ने शुक्रवार से नोमैंस लैंड से सटे उस इलाके में धरना–प्रदर्शन शुरू किया था, जहां नदी ने बीते वर्ष गंभीर कटान किया था। ग्रामीणों ने टेंट लगाकर साइलेंट क्षेत्र के पास शांतिपूर्ण धरना दिया और समय से स्थायी बाढ़ नियंत्रण कार्य शुरू कराने की मांग उठाई। शनिवार को एसडीएम कलीनगर प्रमेश कुमार धरना स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और निरीक्षण किया। इसके बाद पूरी रिपोर्ट जिला अधिकारी को सौंपी।
रविवार को डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और पूरनपुर क्षेत्र के भाजपा विधायक बाबूराम पासवान स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही मौजूद ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया और नारेबाजी की। ग्रामीणों ने संक्षेप में अपनी समस्याएं रखीं, हालांकि डीएम पहले ही पूरे मामले से अवगत थे। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि शारदा नदी के कटान और बाढ़ के खतरे को प्रशासन पूरी गंभीरता से ले रहा है। बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है और एक माह के भीतर शासन से बजट स्वीकृत करा लिया जाएगा। इसके साथ ही तत्काल प्रभाव से मजबूत बाढ़ नियंत्रण कार्य शुरू कराए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से धरना समाप्त करने की अपील की। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक बाबूराम पासवान ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर हर हाल में इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए समय से बजट उपलब्ध कराएंगे, ताकि क्षेत्र की यह ज्वलंत समस्या स्थायी रूप से हल हो सके। विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि बाढ़ नियंत्रण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा ताकि भविष्य में शारदा नदी से क्षेत्र को किसी प्रकार का नुकसान न हो। विधायक और डीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने तालियां बजाकर संतोष व्यक्त किया, नारेबाजी की और धरना–प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की। धरना स्थल पर ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान विमल गुलदार, ग्राम प्रधान नगरिया खुर्द कला के प्रधान विवेकानंद सरकार सहित तराई क्षेत्र की शारदा नदी से सटी कई ग्राम पंचायतों के प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
डीएम ने प्रमुख सचिव से दूरभाष से की वार्ता, दिया आश्वासन
पीलीभीत। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने गांव नौजल्हा नंबर दो का विधायक बाबूराम पासवान के साथ दौरा किया। इसके बाद ग्रामीणों से वार्ता की। सिंचाई अभियंताओं से प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी ली। डीएम ने इसको लेकर ग्रामीणों के सामने ही प्रमुख सचिव से दूरभाष से वार्ता की। इसके बाद कार्य को जल्द पूरा कराए जाने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया। संवाद