फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: नहरों में पानी न पहुंचने से परेशान, पहली सिंचाई के लिए निजी साधनों पर निर्भर

Sun, 07 Dec 2025 11:40 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
माधोटांडा क्षेत्र में सूखी पड़ी हरदोई ब्रांच नहर। संवाद
विज्ञापन
माधोटांडा। रबी सीजन की महत्वपूर्ण पहली सिंचाई समय पर नहीं मिल पाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। रविवार को शारदा मुख्य नहर में पानी तो छोड़ दिया है लेकिन हरदोई ब्रांच नहर, लखीमपुर ब्रांच नहर और माधोटांडा रजवाहा में अब तक पानी नहीं पहुंचा है। इससे पूरनपुर, कालीनगर और आसपास के क्षेत्रों की हजारों एकड़ फसल सिंचाई संकट से जूझ रही है। देरी होने पर गेहूं की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इसके चलते किसान निजी बोरिंग, डीजल इंजन और बिजली मोटरों के माध्यम से महंगी सिंचाई करने के लिए मजबूर हैं।
विज्ञापन


हर साल खरीफ की सिंचाई के बाद नहरों की मरम्मत और सिल्ट सफाई का कार्य 15 नवंबर तक पूरा कर लिया जाता है ताकि समय रहते गेहूं की सिंचाई शुरू की जा सके। शारदा मुख्य नहर बनबसा (उत्तराखंड) से निकलकर जनपद के बाइफरकेशन तक आती है, जहां से हरदोई ब्रांच नहर द्वारा उन्नाव व रायबरेली तक पानी पहुंचाया जाता है। वहीं खीरी ब्रांच नहर लखीमपुर और सीतापुर को सिंचाई उपलब्ध कराती है। इसी तरह पूरनपुर और कलीनगर क्षेत्र की कृषि भूमि सिंचाई के लिए माधोटांडा रजवाहा और उसकी सहायक माइनरों पर निर्भर है। हालांकि शारदा मुख्य नहर का पानी बाइफरकेशन तक पहुंच चुका है, मगर सिंचाई विभाग ने उसे फिलहाल शारदा सागर डैम में संग्रहित करना शुरू कर दिया है। संयुक्त कमेटी के निर्देशों के बाद ही हरदोई ब्रांच नहर को खोला जाता है।
अनुमान है कि किसी जिले में शेष मरम्मत कार्य या तकनीकी कमी के कारण पानी छोड़ने की अनुमति अभी नहीं मिली है। इसके चलते माधोटांडा रजवाहा भी बंद है, जबकि इसी रजवाहा की बदौलत 32,000 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होती है। इधर सिल्ट सफाई पूरी होने के बाद अभियंताओं ने क्षेत्रीय टीमों की ड्यूटियां लगा दी है, ताकि नहरों में अवैध कुलावे बंद कराए जा सकें और कटान को ठीक कर पानी टेल तक पहुंचाया जा सके। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता प्रथम, शारदा सागर उपखंड बाइफरकेशन योगेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि शारदा मुख्य नहर में पानी छोड़ा जा चुका है। एक-दो दिन में हरदोई ब्रांच नहर को भी खोला जाएगा, जिसके बाद सभी सहायक नहरों में सिंचाई के लिए पानी पहुंच जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें