बाइपास के ग्रीन जोन में निर्माण की सूचना पर जांच करने पहुंचे विनिमय क्षेत्र के जेई। स्रोत : स्व
पीलीभीत। शहर के करीब से गुजरे पूरनपुर-टनकपुर हाईवे को जोड़ने वाले बाइपास के ग्रीन जोन में नियमों की अनदेखी कर हो रहा भवनोें का निर्माण थमने का नाम नहीं ले रहा। भवन स्वामी सिटी मजिस्ट्रेट की ओर से दिए गए नोटिस को भी नहीं मान रहे हैं। ग्रीन जोन में व्यावसायिक गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। ग्रीन जोन में हो रहे निर्माण की सूचना पर विनियमित क्षेत्र के जेई और अन्य अफसरोें ने पहुंचकर जांच की और निर्माण रुकवा दिया।
शहर से गुजरे टनकपुर हाईवे को जाम से निजात दिलाने के लिए पीलीभीत-पूरनपुर मार्ग से शहर के बाहर से करीब 12 किमी लंबे बाइपास का निर्माण कराया है। यह गांव सैदपुर के पास टनकपुर हाईवेे को जोड़ता है। इसका संचालन भी जल्द शुरू होनेे वाला है। बाईपास को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त रखने के लिए सड़क के दोनों ओर 30-30 मीटर का ग्रीन जोन निर्धारित किया है। इस दायरे में पेड़-पौधों के अलावा अन्य किसी तरह के निर्माण पर रोक है लेकिन यहां भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इसको लेकर अमर उजाला ने 25 अक्तूबर को टनकपुर बाईपास के ग्रीन जोन में बन रहा कंंक्रीट का जंगल शीर्षक से खबर प्रकाशित की। सिटी मजिस्ट्रेट ने टीम ने भेजकर जांच कराई और 12 लोगों को नोटिस जारी किया। ग्रीन जोन में कराए गए निर्माण को ढहाए जाने की बात भी कही।
सिटी मजिस्ट्रेट की ओर से जारी इस नोटिस का कुछ खास असर नहीं दिखा। बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट को ग्रीन जोन में निर्माण कराए जाने की सूचना मिली। इस पर उन्होंने विनियमित क्षेत्र के जेई कृष्ण कुमार को मौके पर भेजा। जेई ने पहुंचकर काम रुकवा दिया और भवन स्वामी को हिदायत दी है।
टनकपुर बाईपास के ग्रीन जोन में चिह्नित कराए गए निर्माण में 12 लोगों को नोटिस दिया है। निर्माण की सूचना पर जेई को भेजकर काम रुकवा दिया। नियमों की अनदेखी कर कराए गए निर्माण काे ढहाए जाने की कार्रवाई की जाएगी।- विजय वर्धन तोमर, सिटी मजिस्ट्रेट