न्यूरिया (पीलीभीत)। शहर से देहात तक बड़े पैमाने पर हो रही बिजली चोरी को लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेकर पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने बिजली चोरी पकड़ने को मुहिम चलाई। बीते दिनों शहर और पूरनपुर, बरखेड़ा मेें बिजली चोरी के कई मामले पकड़े गए थे। कार्रवाई को जारी रखते हुए सोमवार को ग्रामीण इलाकों में छापे मारे गए। आलम ये रहा कि रात को कटिया डालकर धर वाले बेफ्रिक सोते रहे और तड़के छापा मारने पहुंची पावर कॉरपोरेशन की टीम ने बिजली चोरी पकड़ ली। अब बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर की तैयारी की जा रही है। एसडीओ दीपक नेगी की अगुवाई में पावर कॉरपोरेशन की टीम ने न्यूरिया क्षेत्र में छापे मारे। स्थानीय पुलिस को भी साथ रखा गया। सोमवार तड़के चार बजे कार्रवाई की शुरूआत की गई। कस्बे के करीब 35 घरों को चेक किया। इसमें सात मकानों में कटिया डालकर बिजली चोरी का इस्तेमाल पकड़ा। गृहस्वामियों ने जब टीम को देखा तो उनके होश उड़ गए। टीम की कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। एसडीओ ने बताया कि जेई की तरफ से तहरीर देकर सातों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
पूरनपुर। सोमवार तड़के पावर कॉरपोरेशन की टीम ने मोहल्ला रजागंज और खानकाह में छापे मारे। एसडीओ शोएब अंसारी के नेतृत्व गठित टीम में माधोटांडा एसडीओ आकाशदीप, एसडीओ मीटर गया सिंह, जेई हरविंदर सिंह, मनोज कुमार, उमेश कुमार, पुष्पेंद्र सिंह आदि थे। इस दौरान आठ स्थानों पर घरेलू कनेक्शन पर ई-रिक्शा चार्ज होते पकड़े गए। इस पर उनसे जुर्माना वसूला गया। इसके बाद घरेलू कनेक्शन को व्यावसायिक कर दिया। इसके अलावा कनेक्शन कटने के बाद भी कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल करने वाले चार लोगों को पकड़ा। उनके खिलाफ जेई हरीशंकर की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
बिलसंडा। पावर कॉरपोरेशन के जेई कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह बिजली चोरी पकड़ने को छापा मारे गए थे। इस दौरान गांव गुलड़िया मरौरी के सूरजपाल, रामचंद्र, राजकुमार, चंद्रपाल, महेश कुमार, गांव परेवा तुर्राह निवासी शिवशंकर लाल, शंकरलाल, राजपाल, ओमप्रकाश, पुरानी गल्ला मंडी निवासी अजय, भगवंतापुर गांव निवासी ओमपाल, गांव मार निवासी गंगाराम, कस्बा निवासी हबीब के घर कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। इंस्पेक्टर हरीशंकर वर्मा ने बताया कि सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बिजली चोरी पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सुबह तड़के औचक छापे मारे जा रहे हैं। इसमें कई स्थानों पर लगातार बिजली चोरी पकड़कर कार्रवाई कराई जा रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
- असीम कुमार, अधिशासी अभियंता, पावर कॉरपोरेशन