टनकपुर-कासगंज ट्रेन पर सवार होते यात्री। संवाद
पूर्णागिरि मेले के लिए शुक्रवार से दो जोड़ी विशेष ट्रेनों का किया गया संचालन
पीलीभीत। उत्तराखंड के टनकपुर के मां पूर्णागिरि मेले के लिए संचालित मेला स्पेशल ट्रेन में शुक्रवार को यात्रियों की भीड़ उमड़ी। ट्रेन के प्लेटफाॅर्म पर पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल नजर आया। यात्रियों में सीट के लिए धक्का-मुक्की का नजारा दिखा। रेल प्रशासन की ओर से दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है।
टनकपुर के पूर्णागिरि धाम में होली के अगले दिन से मेला शुरू हो जाता है। माता के दरबार में माथा टेकने के लिए लोग ट्रेन, बस के अलावा पैदल यात्रा भी करते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन की ओर से पूर्णागिरि मेले के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन और स्टेशन पर व्यवस्थाएं की जाती हैं।
रेल प्रशासन की ओर से शुक्रवार से कासगंज-टनकपुर और बरेली जंक्शन-टनकपुर के लिए दो विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया। सुबह 10 बजे पहुंची कासगंज-टनकपुर ट्रेन पर यात्रियों की जमकर भीड़ दिखी। वापसी में यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 02.43 बजे प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर पहुंची। टनकपुर से आईं ट्रेन पर यात्रियों की काफी भीड़ दिखाई दी। प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर खड़े लोगों को ट्रेन में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण लोगों ने खड़े होकर सफर किया। सुरक्षा के लिहाज से प्लेटफाॅर्म पर आरपीएफ व जीआरपी पुलिस भी तैनात दिखाई दी। संवाद