स्व. इंदरजीत सिंह मेमोरियल राज्यस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के छठे दिन हुए ग्रुप बी के पहले लीग मैच में मुरादाबाद ने बिजनौर को 83 रनों से हरा दिया। वहीं मुरादाबाद के पार्थ टूर्नामेंट में पहला शतक बनाने वाले खिलाड़ी बने।
एलएच स्टेडियम में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत बृहस्पतिवार को मुरादाबाद के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 40 ओवरों के मैच में मुरादाबाद की टीम ने छह विकेट खोकर 273 रन बनाए। मैच के दौरान मुरादाबाद टीम के प्रारंभिक बल्लेबाज पार्थ पलवर्ड ने आतिशी पारी खेलते हुए टूर्नामेंट का पहला शतक ठोंका। कप्तान अभिषेक चौधरी ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने तूफानी पारी खेलते हुए 31 गेंदों का सामना कर पांच छक्के व दो चौके लगाकर अर्धशतक लगाते हुए 56 रन की पारी खेली।
बिजनौर की ओर से आशीष शर्मा ने गेंदबाजी करते हुए सात ओवरों में 33 रन देकर दो विकेट झटके। वहीं हरदीप सिंह ने भी दो विकेट लिए। टूर्नामेंट के अभी तक के सर्वाधिक स्कोर का पीछा करने को बिजनौर की टीम मैदान में उतरी। टीम के अतुल गिल ने 53, विकास सिंह ने 28 व चिराग ने 26 रन बनाए। इनके अलावा बिजनौर टीम को कोई भी खिलाड़ी बेहतर खेल का प्रदर्शन नहीं कर सका और पूरी टीम 32 ओवरों में ही 190 रन बनाकर ढेर हो गई। मुरादाबाद टीम के शिवा सिंह ने 35 रन देकर पांच विकेट लिए। समापन पर कार्तिक भसीन ने शतकवीर पार्थ पलवर्ड को मैच ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मैच के दौरान संतोष सिंह व रवि कौशिक बतौर अंपायर व सुधीर सिंह वीडियो एनालिस्ट की भूमिका में रहे। टूर्नामेंट अध्यक्ष अनिल महेंद्रू और उपाध्यक्ष परमवीर सिंह पैरी ने बताया कि 20 मई को गाजियाबाद व बरेली के बीच मैच खेला जाएगा। इस मझैके पर बी क्लीफर्ड, सुहेलबख्श, चिरंजीव गौड़, सद्दाम, रिजवान, बृजेश, अमित, राजेश आदि मौजूद रहे।
एक शतक व 20 छक्कों
का गवाह बना स्टेडियम
बृहस्पतिवार को मुरादाबाद और बिजनौर के बीच हुए मैच के दौरान खेल प्रेमियों को एक शतक, दो अर्धशतक और 20 छक्कों को देखने को मौका मिला। मैच के दौरान मुरादाबाद के पार्थ ने शतक जड़ा, तो वहीं कप्तान आशीष और बिजनौर टीम के अतुल गिल ने एक-एक अर्द्धशतक लगाया। मुरादाबाद के खिलाड़ियों ने 16 और बिजनौर की टीम ने चार छक्के लगाए।