पीलीभीत। हैंडपंप रिबोर के नाम पंचायत सचिव ने प्रधान के साथ मिलकर हजारों रुपये का गोलमाल कर लिया। डीएम से की गई शिकायत में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर पंचायत सचिव का जनवरी का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। पूरनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत गोपालपुर की सपना ने शपथपत्र के माध्यम से डीएम ज्ञानेंद्र सिंह से शिकायत की थी। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान पूजा देवी ने सचिव मंजुल मिश्रा के साथ मिलकर गांव में हैंडपंप रिबोर के नाम पर लाखों रुपये घोटाला कर दिया। मामला संज्ञान में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने दो सदस्यीय टीम गठित कर मामले की जांच कराई।
जांच में पाया गया कि प्रधान ने सचिव के साथ मिलकर 31,300 रुपये का गोलमाल कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने प्रधान पूजा देवी को दोषी पाते हुए पूर्व में ही नोटिस जारी कर दिया। अब मामले को संज्ञान में लेते हुए डीपीआरओ रोहित भारती ने पंचायत सचिव मंजुल मिश्रा को प्रथम दृष्टया दोषी पाया है।
ऐसे में पंचायत सचिव का जनवरी का वेतन रोकने की संस्तुति की है। साथ ही 15 दिनों के अंदर स्पष्टीकरण उपलब्ध कराए जाने के निर्देश जारी किए है। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि जवाब मांगा गया है। इसके बाद संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। संवाद