पीलीभीत। जिले के 132 केंद्रों पर बुधवार से शुरू होने वाली धान खरीद अब तीन अक्तूबर से शुरू होगी। दो दिन के अवकाश की वजह से इसे आगे बढ़ा दिया गया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 व ग्रेड ए पर 2389 रुपये मिलेगा। इस बार जिले में खरीद केंद्रों की संख्या घटी है और पिछलेे वर्ष की तुलना में 50 हजार क्विंटल खरीद का अधिक लक्ष्य मिला है।
जिले में किसानों की धान की फसल लगभग तैयार हो गई है। शहर की मंडी में आढ़त पर धान की आवक भी शुरू हो गई है। हालांकि धान में नमी की मात्रा 20 से अधिक बताई जा रही है। तीन अक्तूबर से धान की सरकारी खरीद भी शुरू हो चुकी है। इस बार 132 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इसमें खाद्य विभाग के 32, पीसीयू के 30, पीसीएफ के 26, यूपीएसएस के 35, भारतीय खाद्य निगम के चार व मंडी के पांच क्रय केंद्र शामिल हैं। खरीद की तैयारियों के संबंध में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने पूर्व में समीक्षा भी की है।
धान खरीद को लेकर सभी केंद्र प्रभारियों ने केंद्र पर मंगलवार से ही बारदाना, नमी मापन यंत्र, छन्नी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था कर ली है। धान क्रय करने के लिए किसानों को आधार पत्र, खतौनी, बैंक पासबुक की छाया प्रति आदि जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। जिले को इस बार 2.45 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य मिला है।
पिछले वर्ष से 25 केंद्र कम, खरीद का लक्ष्य बढ़ा
वर्ष 2024-25 में धान खरीद के लिए जिले में 157 केंद्र खोले गए थे। इस बार 25 क्रय केंद्र कम हैं। वहीं चर्चा है जिले के एक नेता ने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचकर जिले की रकबा बढ़ने का हवाला देकर और क्रय केंद्र खुलवाने की मांग की है। उधर, इस वर्ष जिले का खरीद लक्ष्य बढ़ाया गया है।
किसानों ने ली खरीद की जानकारी, नमी के बारे में पूछा
मंगलवार की दोपहर मंडी परिसर स्थित खाद्य विभाग के खरीद केंद्र पर पहुंचे किसान पुरवा भूड़ निवासी किसान अमन दीप सिंह, रामभजन आदि ने खरीद की जानकारी ली। पूछने पर सचिव ने 17 प्रतिशत नमी वाला धान खरीदे जाने की जानकारी दी। किसानों ने नमी मापक यंत्र चलवाकर जांच भी कराई। पंजीकरण और अन्य जानकारियां भी लीं।
वर्जन
अवकाश की वजह से धान खरीद तीन अक्तूबर से शुरू होगी। अब तक 18 सौ किसान पंजीकरण करा चुके हैं। इस बार धान खरीद का लक्ष्य बढ़ा है। केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई है। - विजय शुक्ला, डिप्टी आरएमओ