पीलीभीत। धान खरीद व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए जिला विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा ने सोमवार को बीसलपुर मंडी स्थित धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान यूपीएसएस के केंद्र प्रभारी श्यामाचरण अनुपस्थित मिले। इस पर विभाग की ओर से उन्हें नोटिस जारी कर चेतावनी दी जा रही है।
जिला विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा ने बताया कि बीसलपुर मंडी में धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के समय यूपीएसएस केंद्र प्रभारी श्यामाचरण मौके पर मौजूद नहीं मिले। केंद्र प्रभारी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है। साथ ही चेतावनी देकर जवाब मांगा जाएगा।
उन्होंने बताया कि धान खरीद व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्र प्रभारियों को निर्धारित समय पर केंद्र पर उपस्थित रहकर किसानों की उपज की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।