पीलीभीत। कलपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गायादीन अहिरवार की निर्मम हत्या के विरोध में जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं में आक्रोश है। मंगलवार को जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव अवस्थी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भेजकर मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि अधिवक्ता की हत्या से अधिवक्ता समाज आहत और भयभीत है। यह घटना केवल अधिवक्ता समाज के लिए ही नहीं, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर चिंता का विषय है। अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं और न्यायालयों में पीड़ितों को न्याय दिलाने के साथ आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करते हैं। ऐसे में अधिवक्ता की हत्या जैसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच और घटना में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। दिवंगत के आश्रित परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द अधिवक्ता संरक्षण कानून लागू करने की मांग की गई।
इधर घटना के विरोध में जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के सभागार में मंगलवार सुबह 10:30 बजे शोकसभा आयोजित की गई। इसमें तीनों बार एसोसिएशन के सदस्यों ने दिवंगत अधिवक्ता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। शोक प्रस्ताव पारित कर मंगलवार को सभी अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहे।
पूरनपुर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन करते वकील-संवाद